Hot Widget

Type Here to Get Search Results !

दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज कर्मचारी यूनियन (DUCKU) दौलत राम कॉलेज प्रिंसिपल सविता राय के खिलाफ धरना प्रदर्शन

0

 


दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज कर्मचारी यूनियन (DUCKU) दौलत राम कॉलेज प्रिंसिपल सविता राय के खिलाफ धरना प्रदर्शन



दिनांक: 05/03/26.

दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज कर्मचारी यूनियन (DUCKU) ने दौलत राम कॉलेज के कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय एवं दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में गहरा रोष व्यक्त किया है। कॉलेज के कर्मचारी पिछले कई दिनों से अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय लगातार दमनात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

दिनांक 23.02.2026 को कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सविता राय धरना स्थल पर आईं और कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने एक दिव्यांग कर्मचारी के हाथ से माइक की तार छीन ली और कॉलेज का गेट अंदर से बंद कर दिया, जिससे यूनियन के सदस्यों को कॉलेज परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद 24.02.2026 को भी कॉलेज का गेट अंदर से बंद रखा गया और धरने में शामिल होने आए कर्मचारियों को बाहर रोक दिया गया।

इसी दौरान कॉलेज प्रशासन ने यूनियन के दो संरक्षित पदाधिकारियों — श्री दौलत सिंह रावत (अध्यक्ष, DRC एवं कार्यकारिणी सदस्य DUCKU) और श्री अमित कुमार जमवाल (सचिव, DRC एवं विशेष आमंत्रित सदस्य DUCKU) — को निलंबित कर दिया। साथ ही लाइब्रेरी अटेंडेंट श्री गोविंद सिंह, जिनका वेतन अक्टूबर 2025 से रोका हुआ है, उनके कॉलेज में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाने का पत्र जारी किया गया है।

इन घटनाओं के विरोध में आज दिनांक 27.02.2026 को धरना स्थल पर कर्मचारियों की आम सभा आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मामले का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों के कर्मचारी आंदोलन को और तेज करेंगे।

निर्णय के अनुसार दिनांक 02 मार्च 2026, 03 मार्च 2026 एवं 05 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय, संकायों, विभागों और कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रजिस्ट्रार/कॉलेज प्रिंसिपल/निदेशक/विभागाध्यक्ष कार्यालय के सामने धरना देंगे।

यदि इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 06 मार्च 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक दौलत राम कॉलेज में विशाल धरना आयोजित किया जाएगा, जिसमें विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस के कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद शामिल होंगे, जबकि साउथ कैंपस, आउटर कॉलेज और ईवनिंग कॉलेज के कर्मचारी सीधे धरना स्थल पर पहुंचेंगे।

यूनियन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों के साथ हो रहे अन्याय को तुरंत समाप्त किया जाए, निलंबित कर्मचारियों को बहाल किया जाए तथा रोके गए वेतन का भुगतान किया जाए। अन्यथा कर्मचारी आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होंगे।

देवेंद्र शर्मा

अध्यक्ष

दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज कर्मचारी यूनियन (DUCKU)

रविंद्र कुमार पांडेय

महासचिव

दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेज कर्मचारी यूनियन (DUCKU)

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad

Below Post Ad